भाजपा की परियोजनाएं बनते ही टूटने लगती हैं……….

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश में हाल ही में उद्घाटन की गई सड़क की खराब स्थिति को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक वीडियो साझा करते हुए दावा किया कि सड़क उद्घाटन के कुछ ही दिनों बाद क्षतिग्रस्त हो गई और उसकी मरम्मत के दौरान पैच को सुखाने के लिए बिजली के पंखों का इस्तेमाल किया जा रहा है।

अखिलेश यादव ने इसे सरकार की कार्यशैली पर सवाल बताते हुए कहा कि ऐसी सड़क पर आम लोग सुरक्षित यात्रा कैसे कर सकते हैं, जो कुछ ही सप्ताह में टूटने लगे। उन्होंने प्रस्तावित 'अटल प्रगति मार्ग' परियोजना पर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि यह कहीं सिर्फ कागजों तक ही सीमित न रह जाए। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा शासन में बनने वाली कई निर्माण परियोजनाएं समय से पहले खराब हो जाती हैं, जिससे उनकी गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं।

भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने बताया कि परियोजना से जुड़े ठेकेदार, स्वतंत्र इंजीनियर और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है। साथ ही गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त निगरानी की जा रही है। जब तक प्रभावित हिस्से की पूरी तरह मरम्मत नहीं हो जाती, तब तक उस मार्ग पर टोल वसूली निलंबित रहेगी और यात्रियों से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा।

एंकर: राष्ट्रीय समाचार