जम्मू-कश्मीर में अमरनाथ यात्रा के बीच मंगलवार सुबह श्रद्धालुओं से भरी एक बस के दुर्घटनाग्रस्त होने से हड़कंप मच गया। हादसा सोनमर्ग हाईवे पर हरीगनीवान इलाके के पास स्थित S-मोड़ पर हुआ, जहां बस अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई और ढलान पर पलटते हुए करीब 20-25 मीटर नीचे एक मकान की छत पर जाकर रुक गई।
बताया जा रहा है कि बस में करीब 50 अमरनाथ यात्री सवार थे। यह बस श्रद्धालुओं को लेकर बालटाल बेस कैंप की ओर जा रही थी। दुर्घटना में करीब 30 यात्रियों को चोटें आईं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, सभी घायल खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं और उन्हें मेडिकल जांच तथा इलाज के लिए कंगन के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस के साथ सुरक्षा बल और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। इसके बाद तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। टीमों ने बस में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला और घायलों को अस्पताल तक पहुंचाने की व्यवस्था की।
एंकर: राष्ट्रीय समाचार