गुजरात के सूरत शहर में खाद्य पदार्थों में मिलावट का एक बड़ा मामला सामने आया है। वेद रोड स्थित 'जय योगेश्वर डेयरी' पर पुलिस की छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में नकली घी बरामद किया गया। प्रारंभिक जांच में पता चला कि डेयरी में लंबे समय से असली घी के नाम पर मिलावटी घी तैयार कर बाजार में बेचा जा रहा था।
पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर चौक बाजार पुलिस ने डेयरी में छापा मारा। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने पाया कि नकली घी तैयार करने के लिए वनस्पति घी, सोयाबीन तेल और हल्दी का इस्तेमाल किया जा रहा था। इन सामग्रियों को इस तरह मिलाया जाता था कि तैयार उत्पाद देखने में बिल्कुल असली देसी घी जैसा लगे।
जांच अधिकारियों के अनुसार, इस मिलावटी घी को असली घी बताकर ग्राहकों को बेचा जा रहा था, जिससे लोगों की सेहत के साथ गंभीर खिलवाड़ किया जा रहा था। छापेमारी के दौरान संदिग्ध घी और अन्य सामग्री को जब्त कर लिया गया है।
पुलिस ने इस मामले में संबंधित लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।अधिकारियों का कहना है कि मिलावटी खाद्य पदार्थों के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आम लोगों से अपील की गई है कि खाद्य पदार्थ खरीदते समय उनकी गुणवत्ता और पैकेजिंग की जांच करें तथा किसी भी प्रकार की मिलावट की आशंका होने पर तुरंत संबंधित विभाग को सूचना दें।
एंकर: राष्ट्रीय समाचार