कॉमनवेल्थ गेम्स 2026: गलत भारत का नक्शा देख भड़कीं लवलीना बोर्गोहेन,ग्लासगो के रेस्टोरेंट ने मांगी माफी

भारतीय महिला मुक्केबाज ने पूर्वोत्तर भारत को नक्शे से गायब दिखाने पर जताई आपत्ति, वीडियो वायरल होते ही रेस्टोरेंट ने लोगो बदलने और सार्वजनिक माफी का ऐलान किया।

बढ़ते विवाद के बाद रेस्टोरेंट प्रबंधन ने सार्वजनिक रूप से माफी जारी करते हुए स्वीकार किया कि उनके लोगो में त्रुटि थी। साथ ही उन्होंने जल्द से जल्द नया लोगो अपनाने की घोषणा की। कुछ ही समय बाद रेस्टोरेंट का आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट भी हटा दिया गया।

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के दौरान भारतीय महिला मुक्केबाज लवलीना बोर्गोहेन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह मामला तब सामने आया जब भारतीय मुक्केबाजी टीम ग्लासगो स्थित भारतीय रेस्टोरेंट 'मिस्टर सिंह्स इंडिया: द होम ऑफ करी' में डिनर के लिए पहुंची। इसी दौरान लवलीना की नजर रेस्टोरेंट के नैपकिन और लोगो पर छपे भारत के नक्शे पर पड़ी, जिसमें पूर्वोत्तर भारत का हिस्सा दिखाई नहीं दे रहा था।

लवलीना ने रेस्टोरेंट प्रबंधन से शांत और सम्मानजनक तरीके से अपनी आपत्ति दर्ज कराई। उन्होंने कहा कि वह पूर्वोत्तर भारत से आती हैं और भारत के नक्शे में उस क्षेत्र को शामिल न करना बेहद दुखद और आहत करने वाला है। उन्होंने प्रबंधन से भविष्य में सही नक्शे का इस्तेमाल करने का आग्रह किया।

इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही बड़ी संख्या में लोगों ने रेस्टोरेंट की आलोचना की और भारत का सही एवं पूर्ण नक्शा इस्तेमाल करने की मांग उठाई। बढ़ते विवाद के बाद रेस्टोरेंट प्रबंधन ने सार्वजनिक रूप से माफी जारी करते हुए स्वीकार किया कि उनके लोगो में त्रुटि थी। साथ ही उन्होंने जल्द से जल्द नया लोगो अपनाने की घोषणा की। कुछ ही समय बाद रेस्टोरेंट का आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट भी हटा दिया गया।

गौरतलब है कि कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारतीय मुक्केबाजी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 10 पदक अपने नाम किए, जिनमें 7 स्वर्ण और 3 रजत पदक शामिल हैं। टीम की इस ऐतिहासिक सफलता का जश्न मनाने के लिए खिलाड़ियों को रेस्टोरेंट में आमंत्रित किया गया था, लेकिन इसी दौरान नक्शे को लेकर विवाद खड़ा हो गया। लवलीना के शांत लेकिन स्पष्ट रुख की सोशल मीडिया पर कई लोगों ने सराहना की और इसे राष्ट्रीय सम्मान से जुड़ा महत्वपूर्ण मुद्दा बताया।

एंकर: राष्ट्रीय समाचार