अरुणाचल प्रदेश में 5.1 और 3.5 तीव्रता के दो भूकंप………

अरुणाचल प्रदेश में गुरुवार सुबह भूकंप के लगातार दो झटकों ने लोगों को चिंता में डाल दिया। पहला भूकंप सुबह करीब 5:45 बजे आया, जिसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 5.1 दर्ज की गई। इसका केंद्र अपर सियांग जिले में जमीन से लगभग 11 किलोमीटर की गहराई पर स्थित था। तेज झटके महसूस होते ही लोग एहतियातन घरों और इमारतों से बाहर निकल आए।

इसके बाद सुबह 7:17 बजे एक बार फिर धरती कांपी। इस बार भूकंप की तीव्रता 3.5 दर्ज की गई और इसका केंद्र भी अपर सियांग जिले में ही रहा। दूसरा झटका जमीन से लगभग 5 किलोमीटर की गहराई पर आया, जिससे आसपास के इलाकों में भी हल्का कंपन महसूस किया गया।

हालांकि दोनों भूकंपों के बाद प्रशासन ने स्थिति पर नजर बनाए रखी और राहत की बात यह रही कि फिलहाल किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान या बड़े हादसे की कोई सूचना नहीं मिली है। स्थानीय प्रशासन हालात पर लगातार निगरानी रखे हुए है।

गौरतलब है कि अरुणाचल प्रदेश भूकंप की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्रों में शामिल है। विशेषज्ञों के अनुसार, पूर्वोत्तर भारत भूकंपीय क्षेत्र-5 में आता है, जहां समय-समय पर भूकंप के झटके महसूस होना सामान्य माना जाता है। हालांकि, सतर्कता और सुरक्षा उपायों का पालन करना हमेशा आवश्यक रहता है।

एंकर: राष्ट्रीय समाचार