गुजरात के मोरबी जिले के विपरदा गांव में एक कुएं के पानी में हो रही असामान्य हलचल ने स्थानीय लोगों के साथ प्रशासन का भी ध्यान खींचा है। हाल ही में खोदे गए करीब 18 फीट चौड़े इस कुएं में पानी लगातार लहरों की तरह ऊपर-नीचे होता दिखाई दे रहा है। खास बात यह है कि आसपास मौजूद अन्य कुओं का पानी सामान्य और शांत बताया जा रहा है।
स्थानीय लोगों ने जब कुएं में लगातार हलचल देखी तो इसके वीडियो बनाए, जो बाद में सोशल मीडिया पर भी सामने आए। घटना को लेकर लोगों में उत्सुकता के साथ कई तरह की आशंकाएं भी पैदा हुईं। मामला प्रशासन के संज्ञान में आने के बाद मोरबी जिला कलेक्टर ने संबंधित विभागों को इसकी वजह पता लगाने के निर्देश दिए हैं।
गुजरात भूकंपीय दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्रों में शामिल है, इसलिए प्रशासन इस घटना को गंभीरता से लेते हुए निगरानी कर रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि विस्तृत वैज्ञानिक जांच के बिना इस घटना को किसी संभावित भूकंप का संकेत मानना उचित नहीं होगा।फिलहाल स्थानीय लोगों से अफवाहों और अपुष्ट दावों से बचने तथा आधिकारिक जांच के नतीजों का इंतजार करने की अपील की जा रही है।
एंकर: राष्ट्रीय समाचार